धोखाधड़ी से बचाव की चेतावनी
टाइगर रिज़र्व सफारी की बुकिंग सिर्फ MPOnline से ही मान्य, फर्जी वेबसाइटों से रहें सावधान



इंदौर।
मध्यप्रदेश वन विभाग ने प्रदेश के सभी टाइगर रिज़र्व में सफारी बुकिंग को लेकर अहम चेतावनी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सफारी टिकटों की अधिकृत बुकिंग केवल MPOnline.gov.in पोर्टल के माध्यम से ही की जाती है। इसके अलावा किसी भी निजी वेबसाइट, मोबाइल ऐप या डिजिटल प्लेटफॉर्म को सफारी बुकिंग की अनुमति नहीं दी गई है।
वन विभाग के अनुसार हाल के दिनों में कुछ वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म MPOnline से मिलते-जुलते भ्रामक नामों का उपयोग कर स्वयं को अधिकृत बताकर सफारी बुकिंग का दावा कर रहे हैं। विभाग ने इन्हें पूरी तरह अनधिकृत और अवैध बताया है। ऐसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से की गई बुकिंग में पर्यटकों को धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सफारी बुकिंग के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतें और केवल MPOnline के अधिकृत पोर्टल का ही उपयोग करें। यदि किसी पर्यटक ने अनधिकृत वेबसाइट या ऐप के माध्यम से बुकिंग कराई है और उसे किसी प्रकार की ठगी, नुकसान या बुकिंग संबंधी समस्या हुई है, तो वह तत्काल संबंधित वन विभाग कार्यालय में शिकायत दर्ज कराए।
वन विभाग ने बताया कि प्राप्त शिकायतों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए राज्य साइबर पुलिस सेल को भेजा जाएगा। विभाग का कहना है कि ऐसी अवैध और अनियमित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
वन विभाग ने दोहराया कि पर्यटकों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी, सुरक्षित और वैधानिक सफारी बुकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पर्यटकों से आग्रह है कि किसी भी आकर्षक ऑफर या वैकल्पिक लिंक के झांसे में न आएं और केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही सफारी बुकिंग करें।




