एनसीसी पीएम साइकिल रैली का देवास में भव्य स्वागत
पुणे से दिल्ली तक चल रही रैली में बाजीराव पेशवा पर आधारित नुक्कड़ नाटक ने जागृत की ऐतिहासिक चेतना


देवास। पुणे से प्रारंभ होकर दिल्ली की ओर अग्रसर एनसीसी पीएम साइकिल रैली गुरुवार को देवास पहुँची, जहाँ इसका विभिन्न स्थानों पर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। 10 एमपी बटालियन एनसीसी उज्जैन एवं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस श्री कृष्णाजीराव पवार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवास के संयुक्त तत्वावधान में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह आयोजन 10 एमपी बटालियन एनसीसी उज्जैन के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन डॉ. संजय गाडगे द्वारा किया गया। इस रैली का उद्देश्य महान योद्धा बाजीराव पेशवा के ऐतिहासिक दिल्ली विजय अभियान की स्मृति को जनमानस तक पहुँचाना है।
रैली में एनसीसी के 12 कैडेट्स सहभागिता कर रहे हैं। यह अभियान ब्रिगेडियर सचिन गवली, ग्रुप कमांडर अमरावती ग्रुप मुख्यालय (महाराष्ट्र) की निगरानी में संचालित किया जा रहा है। स्वागत समारोह में महाविद्यालय के पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष दिलीप सिंह यादव एवं मनीष पारीक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में शहीद संजय मीना की धर्मपत्नी एवं पिता तथा जय हिंद फौज अकादमी के पूर्व सैनिक सदस्य मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.पी.एस. राणा ने अतिथियों का शॉल, उत्तरीय एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया।
कार्यक्रम में देवास जिले की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए। रैली दल के सदस्यों द्वारा बाजीराव पेशवा के जीवन पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को इतिहास से जोड़ने का कार्य किया। साथ ही एनसीसी कैडेट्स द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।
आयोजन को सफल बनाने में सूबेदार बलविंदर सिंह, सेकंड ऑफिसर राधेश्याम सोलंकी, थर्ड ऑफिसर रामकुमार कुशवाहा, थर्ड ऑफिसर सुनील कुमार, डॉ. संदीप नागर, इको क्लब प्रभारी जितेंद्र सिंह राजपूत सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर कैप्टन संजय सिंह बरौनिया ने आभार व्यक्त किया।
यह साइकिल रैली 2 जनवरी 2026 को देवास से अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। जानकारी के अनुसार रैली 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली पहुँचेगी, वहीं 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रैली में सम्मिलित होने की संभावना जताई गई है।




