भागीरथपुरा क्षेत्र में घर-घर जाकर नागरिकों को किया जा रहा है जागरूक अभियान
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर सुबह 6:30 बजे से प्रशासन अलर्ट मोड में

इंदौर | 3 जनवरी 2026
भागीरथपुरा क्षेत्र में पेयजल एवं स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज प्रातः 6:30 बजे से ही मौके पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों की समीक्षा की।
200 से अधिक कर्मचारी और NGO सदस्य कर रहे रिंग सर्वे
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, नगर निगम, पीएचई विभाग, ड्रेनेज-सीवरेज विभाग, सफाई अमला एवं विभिन्न NGO के 200 से अधिक सदस्य क्षेत्र में रिंग सर्वे कर रहे हैं। टीम द्वारा डोर-टू-डोर जाकर नागरिकों को निगम के टैंकर से उपलब्ध पेयजल का ही उपयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पंपलेट और अनाउंसमेंट के जरिए दी जा रही जानकारी
निगम के डोर-टू-डोर वाहनों एवं 8 से अधिक अतिरिक्त वाहनों के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों को पंपलेट वितरित कर पेयजल व स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी जा रही हैं।
नागरिकों से अपील की जा रही है कि केवल निगम के टैंकर से वितरित किए जा रहे पानी का ही उपयोग करें।
सीवरेज-ड्रेनेज की विशेष सफाई, लगातार मॉनिटरिंग
क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सीवरेज और ड्रेनेज की विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
जल-जनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां
✅ सुरक्षा के लिए क्या करें?
-
पानी उबालकर पिएं: पीने के पानी को उपयोग से पहले कम से कम 10-15 मिनट तक उबालें, फिर छानकर उपयोग करें।
-
स्वच्छता बनाए रखें: भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ अच्छी तरह धोएं।
-
गंदगी न फैलाएं: पानी के स्रोतों, बैकलेन और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा न फेंकें।
⚠️ जरूरी सलाह
यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, दस्त, पेट दर्द या बुखार की शिकायत हो, तो तुरंत ORS (ओ.आर.एस.) घोल लें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
👉 सावधानी ही बचाव है। प्रशासन नागरिकों से सहयोग की अपील करता है।





